मुंबई : समाज सुधारक ज्योतिराव फुले और उनकी पत्नी सावित्रीबाई फुले के जीवन पर आधारित फिल्म ‘फुले’ आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है, हालांकि फिल्म के रिलीज से पहले कई विवाद उठ चुके हैं। फिल्म में सावित्रीबाई फुले का किरदार अभिनेत्री पत्रलेखा ने निभाया है, जबकि महात्मा फुले का रोल अभिनेता प्रतीक गांधी ने किया है। सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए पत्रलेखा ने फैंस से फिल्म देखने की अपील की है। उन्होंने लिखा, “हमारी फिल्म ‘फुले’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। आप लोग प्लीज इसे देखने जाइए, मैं आपको आश्वासन देती हूं कि आप निराश नहीं होंगे।”
फिल्म के निर्देशक अनंत महादेवन के प्रति अपनी कृतज्ञता जाहिर करते हुए पत्रलेखा ने लिखा, “आपका धन्यवाद अनंत सर, मुझ पर विश्वास करने के लिए। मुझे खुशी है कि मैं आपकी फिल्म के सेट पर एक अभिनेता के तौर पर शामिल हो पाई।” अभिनेत्री ने प्रतीक गांधी की भी तारीफ की और उन्हें ‘बेहतर अभिनेता और विनम्र इंसान’ बताया। इसके साथ ही उन्होंने फिल्म के अन्य टीम मेंबर्स का भी धन्यवाद किया।
‘फुले’ फिल्म जातिवाद और महिलाओं की शिक्षा के अधिकार के लिए संघर्ष करने वाले समाज सुधारक जोतिराव फुले और उनकी पत्नी सावित्रीबाई फुले के जीवन पर आधारित है। फिल्म के रिलीज से पहले ब्राह्मण समुदाय ने इसका विरोध किया था, उनका आरोप था कि फिल्म ने उनका अपमान किया है। इसके बाद सेंसर बोर्ड ने फिल्म में कुछ बदलाव किए। फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप के ब्राह्मणों पर दिए गए बयान ने भी विवाद को और बढ़ा दिया।
