छत्तीसगढ़ में सियासी हलचल तेज: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास पर CBI की छापेमारी, कांग्रेस ने बताया राजनीतिक बदले की कार्रवाई

रायपुर : छत्तीसगढ़ में राजनीतिक तापमान बढ़ता जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के बाद अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने छापा मारा है। इस पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और इसे भाजपा सरकार द्वारा की गई राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई करार दिया है।

दीपक बैज का BJP पर हमला

भिलाई पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पहले ईडी की छापेमारी हुई, अब सीबीआई आ गई है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए पूछा, “अब अगली जांच एजेंसी कौन होगी? NIA, EOW या इनकम टैक्स?” उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार कांग्रेस नेताओं को डराने और दबाने की कोशिश कर रही है।

दीपक बैज ने कहा, “कांग्रेस लगातार विधानसभा के अंदर और बाहर भाजपा सरकार की नीतियों और नाकामियों का विरोध कर रही है। यही कारण है कि सरकार बदले की भावना से ऐसी कार्रवाइयां कर रही है।”

महादेव सट्टा एप पर भी कांग्रेस का हमला

दीपक बैज ने महादेव सट्टा एप मामले को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “जब सरकार इस एप को लेकर कार्रवाई कर रही है, तो इसे पूरी तरह से बंद क्यों नहीं किया गया? क्या इस एप से मिलने वाला कमीशन भाजपा नेताओं और सरकार के पास जा रहा है?”

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महादेव सट्टा एप के मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर के बारे में सरकार ने दावा किया था कि उसे दुबई में गिरफ्तार किया गया है, लेकिन वह वहां खुलेआम घूम रहा है और धार्मिक आयोजनों में शामिल हो रहा है। उन्होंने प्रसिद्ध कथावाचक प्रदीप मिश्रा से भी इस मामले में पूछताछ की मांग की।

CBI की छापेमारी जारी

CBI की यह कार्रवाई महादेव सट्टा एप केस से जुड़ी बताई जा रही है। CBI के DIG अभिनव खरे के नेतृत्व में एक टीम छत्तीसगढ़ पहुंची है, और 2009 बैच के एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी की देखरेख में यह जांच हो रही है। जानकारी के मुताबिक, अब तक 60 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की जा चुकी है।

भूपेश बघेल ने जताई शांति की अपील

इस बीच, कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भूपेश बघेल से मुलाकात की और उनके समर्थन में बयान दिया। उन्होंने कहा कि बघेल पूरी तरह से जांच में सहयोग कर रहे हैं और उनके चेहरे पर कोई तनाव नहीं है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की है।

भाजपा का जवाब

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मीडिया सलाहकार पंकज झा ने कांग्रेस के आरोपों पर तंज कसते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “इस जीवन में खूब कमाए तूने हीरे मोती… मगर याद रखना, कफन में जेब नहीं होती।”

छत्तीसगढ़ में CBI की इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ गई है। कांग्रेस इसे बदले की भावना से की गई कार्रवाई बता रही है, जबकि भाजपा का कहना है कि कानून अपना काम कर रहा है। अब देखना होगा कि इस मामले में आगे क्या मोड़ आता है।

Arpa News 36
Author: Arpa News 36

यह भी देखें...