धमतरी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मोहभ_ा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होकर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत धमतरी जिले के 6,616 सहित प्रदेश के लगभग 3 लाख हितग्राहियों को वर्चुअल माध्यम से गृह प्रवेश कराया। इस अवसर पर उन्होंने सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नए घरों में सजी रंगोली, दीप जलाकर हुआ पूजन
गृह प्रवेश से पहले सभी नव निर्मित घरों में रंगोली सजाई गई, दीये जलाए गए और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-पाठ किया गया। इस आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उपस्थित होकर हितग्राहियों को “खुशियों की चाबी” और स्मृति चिन्ह भेंट किए।
विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन
प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर राज्य में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया, जिससे प्रदेश के बुनियादी ढांचे और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।
हितग्राहियों के चेहरे पर खुशी
इस सामूहिक गृह प्रवेश कार्यक्रम से लाभान्वित हुए परिवारों के चेहरे पर खुशी देखने लायक थी। धमतरी जिले में 6,616 परिवारों को अपना सपनों का घर मिला, जिससे वे अब सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सकेंगे।
जिला प्रशासन की अहम भूमिका
जिला पंचायत की सीईओ रोमा श्रीवास्तव ने बताया कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम से प्रतीकात्मक रूप से प्रदेशभर में सामूहिक गृह प्रवेश कराया, जिसका सीधा प्रसारण विभिन्न जिलों में किया गया।
इस आयोजन ने न केवल लाभार्थियों को उनके नए घर की सौगात दी, बल्कि प्रधानमंत्री आवास योजना की सफलता को भी दर्शाया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सशक्त और आत्मनिर्भर जीवन जीने का अवसर मिल रहा है।







