भारत में शूटिंग खत्म कर न्यूयॉर्क पहुंचीं प्रियंका चोपड़ा, कहा – “घर जैसा कुछ नहीं”

मुंबई। बॉलीवुड की ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा भारत में कई हफ्तों की शूटिंग के बाद न्यूयॉर्क वापस लौट आई हैं। घर पहुंचकर उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर की और इंस्टाग्राम स्टोरी पर न्यूयॉर्क शहर के खूबसूरत नजारे की एक तस्वीर साझा की। इस तस्वीर में नदी, ऊंची इमारतें और हाईवे पर दौड़ती कारें नजर आ रही हैं। प्रियंका ने इस तस्वीर के साथ कैप्शन दिया, “घर जैसा कुछ नहीं।”

अमरूद बेचने वाली महिला से हुईं प्रेरित

न्यूयॉर्क रवाना होने से पहले प्रियंका चोपड़ा ने एक प्रेरणादायक घटना भी शेयर की, जिसने उन्हें गहराई से प्रभावित किया। उन्होंने बताया कि मुंबई से विशाखापट्टनम जाते समय उन्होंने एक अमरूद बेचने वाली महिला को देखा। प्रियंका ने कहा,
“मुझे अमरूद बहुत पसंद हैं, इसलिए मैंने उससे सारे अमरूद का दाम पूछा। उसने 150 रुपये बताया। मैंने उसे 200 रुपये दिए, लेकिन उसने जबरन छुट्टे देने की कोशिश की।”

प्रियंका ने आगे कहा कि वह महिला बिना मेहनत किए पैसे लेने को तैयार नहीं थी। उसने प्रियंका को दो और अमरूद देकर पैसे पूरे करने की जिद की। प्रियंका ने कहा, “उस महिला का आत्मसम्मान देखकर मैं बहुत प्रभावित हुई।”

वर्कफ्रंट पर प्रियंका चोपड़ा

प्रियंका चोपड़ा एसएस राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘एसएसएमबी29’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस फिल्म में महेश बाबू मुख्य भूमिका में हैं, और उनका किरदार भगवान हनुमान से प्रेरित बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह प्रोजेक्ट 900-1,000 करोड़ रुपये के बजट में दो भागों में तैयार किया जा रहा है।

Arpa News 36
Author: Arpa News 36