रायपुर में गड्ढे में डूबने से बच्चे की मौत, CM विष्णुदेव साय ने दिए 4 लाख की सहायता राशि देने के निर्देश

रायपुर | रायपुर के गुलमोहर पार्क पीएम आवास कॉलोनी में हाल ही में हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। नगर निगम द्वारा खोदे गए एक गड्ढे में गिरकर 7 साल के मासूम दिव्यांश की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और स्थानीय लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया। नाराज लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर निगम के खिलाफ नारेबाजी की और गुलमोहर पार्क के बाहर निगम का पुतला भी दहन किया।

दिव्यांश अपने माता-पिता की इकलौती संतान था, जो 2015 में शादी के तीन साल बाद मन्नत और पूजा पाठ के बाद जन्मा था। इस हादसे के बाद से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। रोते-बिलखते पिता का कहना है कि यह लापरवाही नहीं, बल्कि हत्या है।

इस दुखद घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को 4 लाख रुपए की तात्कालिक आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन और नगर निगम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सहायता राशि प्रदान की।

घटना में घायल हुए दो अन्य बच्चों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। जिला प्रशासन, नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार दोनों बच्चों की हालत पर निगरानी रखे हुए है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है।

घटना की जांच शुरू हो चुकी है और निगम आयुक्त ने सहायक अभियंता योगेश यदु, उप अभियंता अंकिता अग्रवाल और ठेकेदार मेसर्स मधुसूदन अग्रवाल को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जनता की मांग है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराई न जाए।

Arpa News 36
Author: Arpa News 36