मुंबई : बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस फिल्म की शूटिंग फिलहाल ऋषिकेश में चल रही है। इसी दौरान अभिनेता को चोट लग गई, जिसकी जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर दी।
सोशल मीडिया पर शेयर की तस्वीर
वरुण धवन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वह अपनी छोटी उंगली को बर्फ के कटोरे में रखकर दबाव देते नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपने फैंस से सवाल किया, “आपकी उंगली को ठीक होने में कितना समय लगता है?” हालांकि, अभिनेता ने यह नहीं बताया कि चोट कैसे लगी।
पहले भी हो चुके हैं चोटिल
यह पहली बार नहीं है जब वरुण को शूटिंग के दौरान चोट लगी हो। इससे पहले उन्होंने ‘बॉर्डर 2’ की शूटिंग के दौरान लगी चोट के बारे में भी जानकारी दी थी। तब उन्होंने अपनी घायल उंगली की तस्वीर शेयर करते हुए इसे “गहरा जख्म” बताया था। इसके अलावा, उन्होंने एक अन्य पोस्ट में अपने हाथ और बाइसेप्स पर चोट के निशान भी दिखाए थे।
वरुण के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स
वर्कफ्रंट की बात करें तो वरुण धवन जल्द ही ‘बॉर्डर 2’ में नजर आएंगे। इस फिल्म में उनके साथ सनी देओल, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ भी अहम भूमिकाओं में होंगे। फिल्म का निर्माण भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जेपी दत्ता और निधि दत्ता ने मिलकर किया है।
इसके अलावा, वरुण जान्हवी कपूर के साथ ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ और पूजा हेगड़े के साथ ‘है जवानी तो इश्क होना है’ में भी नजर आएंगे। इस फिल्म की शूटिंग 22 मार्च से ऋषिकेश में शुरू हो चुकी है।
ऋषिकेश में शूटिंग के दौरान गंगा आरती में हुए शामिल
वरुण धवन ने इंस्टाग्राम पर ऋषिकेश से कई तस्वीरें और वीडियो भी शेयर किए। एक वीडियो में वह पूजा हेगड़े के साथ गंगा आरती करते नजर आए, जबकि एक अन्य तस्वीर में वह एक पौधे को पानी देते हुए दिखाई दिए। इस फिल्म का निर्माण रमेश तौरानी कर रहे हैं।
‘है जवानी तो इश्क होना है’ में वरुण और पूजा के अलावा, मृणाल ठाकुर, कुबरा सैत, मनीष पॉल, रोहित सराफ, राजीव खंडेलवाल, नितीश निर्मल और श्रीलीला भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिलहाल, वरुण की चोट को लेकर उनके फैंस चिंतित हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।







