धमतरी में गहराया पेयजल संकट, सूखते जलस्रोतों पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा

धमतरी। जिले में लगातार बढ़ती गर्मी के बीच ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट गहराने लगा है। तालाब, नदी और नाले तेजी से सूख रहे हैं, वहीं गांवों में लोगों की प्यास बुझाने वाले हैंडपंप भी जवाब देने लगे हैं। इस मुद्दे को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने राज्य सरकार और केंद्र सरकार की योजनाओं पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि धमतरी जिले के कई गांवों में जलस्तर लगातार नीचे जा रहा है, जिसके कारण हैंडपंपों से पानी निकलना लगभग बंद हो गया है। ग्रामीणों को पेयजल के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है और कई स्थानों पर लोग नए नलकूप खुदवाने के लिए मजबूर हो रहे हैं।

तारिणी चंद्राकर ने कहा कि गर्मी का अधिकांश समय अभी बाकी है और यदि समय रहते जल संकट से निपटने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा बड़े स्तर पर प्रचारित जल जीवन मिशन जमीनी स्तर पर अपेक्षाओं के अनुरूप परिणाम नहीं दे पा रहा है। कई गांवों में पाइपलाइन बिछाने और पानी टंकियों के निर्माण के बावजूद नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। कहीं नलकूप खनन अधूरा है तो कहीं पर्याप्त जल स्रोत नहीं मिलने से योजनाएं ठप पड़ी हुई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में बनी पानी टंकियां अब केवल शोपीस बनकर रह गई हैं।

उन्होंने राज्य सरकार द्वारा जल संरक्षण के नाम पर आयोजित ‘जल जगार’ कार्यक्रम पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों में बड़े आयोजन किए गए, वहीं आज लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। कांग्रेस ने पहले भी सरकार को इवेंट आधारित कार्यशैली छोड़कर जमीनी स्तर पर स्थायी समाधान तैयार करने की सलाह दी थी, लेकिन सरकार ने इस दिशा में गंभीरता नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में स्वच्छ पेयजल की समस्या अब जनजीवन को प्रभावित करने लगी है। पशुओं के लिए पानी की कमी और निस्तारी संकट भी ग्रामीणों की चिंता बढ़ा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई गांवों में सुबह से ही पानी भरने के लिए महिलाओं और बच्चों की लंबी कतारें लग रही हैं। गर्मी बढ़ने के साथ जल संकट का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में प्रशासन के सामने चुनौती है कि वह प्रभावित गांवों में वैकल्पिक जल व्यवस्था, टैंकर आपूर्ति और बंद पड़े हैंडपंपों की मरम्मत जैसे कार्य तेजी से सुनिश्चित करे, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके। जल संकट को लेकर सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है https://www.arpanews36.com/2026/05/cg-congress-on-water-crisis-news.html

Annu Dewangan
Author: Annu Dewangan