
धमतरी। शहर में 24 और 25 अप्रैल को आयोजित होने वाले “युवा उत्सव 2026 – इंटर कॉलेज प्रतियोगिता” को लेकर धमतरी पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। आयोजन को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीएसपी धमतरी ने कलेक्टर की मौजूदगी में बी.सी.एल.एस. कॉलेज स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रवेश एवं निकास मार्ग, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग, मंच सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाओं का बारीकी से आकलन किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। युवा उत्सव में जिले के साथ-साथ अन्य जिलों एवं पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों और दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस विभाग ने विशेष सुरक्षा योजना तैयार की है।
कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे, जो लगातार निगरानी करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे और आवश्यक कार्रवाई करेंगे। भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जा रही है तथा प्रवेश एवं निकास के लिए निर्धारित मार्गों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए शहर के प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर ट्रैफिक पुलिस की विशेष ड्यूटी लगाई गई है, जिससे जाम की स्थिति से बचा जा सके और आम नागरिकों को असुविधा न हो। इसके साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल पर प्राथमिक उपचार केंद्र एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड को भी अलर्ट रखा गया है।
अधिकारियों का कहना है कि आयोजन के दौरान सभी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धमतरी जिला प्रशाशन ने आम नागरिकों और प्रतिभागियों से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें, अफवाहों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। विस्तृत दिशा-निर्देश और ताजा अपडेट छत्तीसगढ़ पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट https://cgpolice.gov.in पर उपलब्ध हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि यह आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण के साथ पूरी तरह सुरक्षित और अनुशासित ढंग से संपन्न हो।







