
धमतरी। जिले के बीसीएस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में आयोजित युवा फेस्ट-2026 इन दिनों युवाओं के उत्साह, सांस्कृतिक रंगों और नवाचारों का केंद्र बना हुआ है। 24 अप्रैल से शुरू हुए इस बहुप्रतीक्षित आयोजन में जिले सहित प्रदेशभर से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा प्रतिभागी, कलाकार और जनप्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और कौशल का प्रदर्शन कर सकें।
फेस्ट के पहले दिन महाविद्यालय परिसर में एआई वर्कशॉप, वीडियो एडिटिंग, Canva वर्कशॉप, स्टार्टअप, स्किल डेवलपमेंट और आर्ट एंड क्राफ्ट से जुड़ी गतिविधियों ने विद्यार्थियों को आकर्षित किया। जिले के यूट्यूबर, ब्लॉगर, सोशल मीडिया क्रिएटर और विद्यार्थियों ने इन कार्यशालाओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। शाम को आयोजित छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहा, जिसमें धमतरी की उभरती लोकगायिका आरू साहू ने करमा, सुवा, ददरिया और पंडवानी जैसे पारंपरिक लोकगीतों की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही आवाज क्रांति बैंड, रॉक बैंड धमतरी और द गोल्डन स्टार नाइट ऑर्केस्ट्रा राजिम ने भी अपनी ऊर्जावान प्रस्तुतियों से युवाओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
दूसरे दिन कार्यक्रम और अधिक भव्य रूप में सामने आया। कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर स्टार्टअप, एजुकेशन और स्किल डेवलपमेंट से जुड़ी कार्यशालाओं का अवलोकन किया। उन्होंने इतिहास, आर्ट, छत्तीसगढ़ी पारंपरिक पहनावा और श्रृंगार से जुड़े स्टॉलों का निरीक्षण कर विद्यार्थियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को नई दिशा और नई पहचान देते हैं तथा उन्हें अपने कौशल को लगातार निखारते हुए समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। पूर्व विधायक रंजना साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
दूसरे दिन की शाम का सबसे बड़ा आकर्षण दायरा बैंड (जादू बस्तर) की प्रस्तुति रही। लोक और आधुनिक संगीत के अनोखे संगम ने पूरे परिसर को जीवंत बना दिया। छत्तीसगढ़ी लोकधुनों, जनजातीय लयों और समकालीन फ्यूजन की प्रस्तुति पर युवा ही नहीं, बल्कि सभी आयु वर्ग के दर्शक झूमते नजर आए। तालियों और उत्साह से पूरा परिसर देर रात तक गूंजता रहा।
समापन अवसर पर प्रदेश के राजस्व एवं जिला प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि युवा फेस्ट जैसे आयोजन युवाओं की प्रतिभा को मंच देने के साथ उनके आत्मविश्वास और नवाचार क्षमता को भी मजबूत करते हैं। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने जिला प्रशासन और कलेक्टर अविनाश मिश्रा के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर सांस्कृतिक, शैक्षणिक, खेल और नवाचार से जुड़ी 23 प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पीजी कॉलेज को रनिंग ट्रफी भी प्रदान की गई।
आज 26 अप्रैल को शाम 4 बजे कार्यक्रम का विशेष आकर्षण देश के वरिष्ठ पत्रकार सौरभ द्विवेदी का विशेष सत्र रहेगा। इंडियन एक्सप्रेस के संपादक और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म The Lallantop के संस्थापक रहे चर्चित सौरभ द्विवेदी युवाओं से संवाद करेंगे। उनके साथ बस्तर टॉकीज के संपादक विकास तिवारी (रानू) भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। युवाओं के बीच यह सत्र विशेष उत्साह का विषय बना हुआ है। युवा फेस्ट-2026 ने जिले में न केवल प्रतिभाओं को मंच दिया है, बल्कि युवाओं में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का भी संचार किया है।







