वाराणसी। जिले के लोहता थाना क्षेत्र स्थित छितौनी गांव में एक शादी समारोह उस समय अचानक चर्चा का विषय बन गया जब जयमाल की रस्म के दौरान दुल्हन स्टेज छोड़कर अपने प्रेमी के पास पहुंच गई और सबके सामने उसी से शादी करने की जिद पर अड़ गई। शादी में मौजूद मेहमानों, रिश्तेदारों और दोनों पक्षों के लोगों के सामने घटी इस घटना से कुछ देर के लिए माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया। बैंड-बाजे और शादी की रस्मों के बीच किसी को अंदाजा नहीं था कि दुल्हन अपने होने वाले पति के बजाय किसी और के साथ जीवन बिताने का फैसला कर चुकी है। घटना के बाद मामला सीधे थाने पहुंचा, जहां घंटों चली बातचीत और पंचायत के बाद दोनों प्रेमियों की शादी कराई गई।
जानकारी के अनुसार छितौनी गांव निवासी पारस राजभर की बेटी किरण राजभर की शादी बड़े धूमधाम से तय हुई थी। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक बारात पहुंची, द्वार पूजा हुई और जयमाल की तैयारी शुरू हो गई। कैमरों की फ्लैश और मेहमानों की भीड़ के बीच जैसे ही दुल्हन वरमाला लेकर स्टेज पर पहुंची, उसकी नजर भीड़ में खड़े युवक पवन पर पड़ी। बताया जा रहा है कि पवन चोलापुर क्षेत्र के भरथौली गांव का रहने वाला है और दोनों लंबे समय से एक-दूसरे से प्रेम करते थे। परिवार की सहमति नहीं मिलने पर किरण की शादी कहीं और तय कर दी गई थी। हालांकि पवन चुपचाप शादी समारोह में पहुंच गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुल्हन अचानक स्टेज से नीचे उतरी और सीधे पवन के पास पहुंचकर कहने लगी कि वह शादी करेगी तो सिर्फ उसी से। यह सुनते ही समारोह में अफरा-तफरी मच गई और कुछ लोगों ने पवन की पिटाई शुरू कर दी।
माहौल बिगड़ता देख दुल्हन खुद पवन के सामने ढाल बनकर खड़ी हो गई और लोगों से उसे न मारने की अपील करने लगी। उसने खुले तौर पर अपने प्रेम संबंध की बात स्वीकार कर ली। घटना के बाद दूल्हे और उसके परिवार ने स्थिति को समझते हुए बिना विवाद बढ़ाए शादी से इनकार कर दिया और बारात वापस ले गए। इसके बाद लड़की पक्ष की सूचना पर मामला लोहता थाने पहुंचा, जहां पुलिस की मौजूदगी में दोनों परिवारों के बीच घंटों तक बातचीत हुई। पुलिस और गांव के लोगों ने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किरण अपने फैसले पर अडिग रही। उसने साफ कहा कि वह किसी और के साथ जिंदगी नहीं बिता सकती। आखिरकार दोनों परिवारों ने सहमति जताई और बाद में मंदिर में किरण और पवन की शादी करा दी गई। परिजनों ने भी दोनों को आशीर्वाद दिया। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।https://varanasi.nic.in







