करगा में बड़ा संकेत देकर गए अजय चन्द्राकर, सैनिक स्कूल की चर्चाएं तेज

धमतरी। कुरुद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम करगा में आयोजित लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक अजय चन्द्राकर ने ग्रामीणों को एक “बड़ी सरप्राइज” मिलने के संकेत देकर क्षेत्र में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। विभिन्न विकास कार्यों के शुभारंभ के लिए पहुंचे विधायक ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि जल्द ही गांव में एक महत्वपूर्ण परियोजना लागू होने वाली है, जिससे न केवल गांव की पहचान बदलेगी बल्कि विकास की दिशा और गति भी नए स्तर पर पहुंचेगी। विधायक के इस बयान के बाद समारोह स्थल पर ग्रामीणों के बीच चर्चाओं का दौर तेज हो गया।

ग्राम पंचायत करगा में आयोजित कार्यक्रम में विधायक चन्द्राकर ने कई विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट संकेत दिए कि आने वाले समय में गांव को बड़ी सौगात मिलने वाली है। हालांकि उन्होंने परियोजना का खुलकर नाम नहीं लिया, लेकिन ग्रामीणों के बीच पहले से चल रही चर्चाओं के कारण सैनिक स्कूल की संभावनाओं को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा लंबे समय से चल रही है कि गांव में सैनिक स्कूल की स्थापना प्रस्तावित हो सकती है, जिसके लिए लगभग 50 एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी। हालांकि इस संबंध में अभी तक प्रशासन या संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

विधायक ने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में वे अपने निर्वाचन क्षेत्र के सभी गांवों का दौरा करेंगे और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए योजनाओं को गति देने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। सरपंच सावित्री गणेश्वर साहू ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विधायक का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू, जनपद सदस्य अनुराग साहू, सरपंच संघ अध्यक्ष हरिशंकर साहू, मंडल अध्यक्ष लोकेश साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों की नजर अब उस संभावित घोषणा पर टिकी है, जिसे लेकर विधायक ने संकेत दिए हैं। यदि सैनिक स्कूल जैसी परियोजना को मंजूरी मिलती है तो यह क्षेत्र के शैक्षणिक और सामाजिक विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। सैनिक स्कूलों की जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट देखी जा सकती है: सैनिक स्कूल सोसायटी

Annu Dewangan
Author: Annu Dewangan