धमतरी पुलिस का बड़ा खुलासा, चोरी का सोना गलाकर बनाया बिस्किट

धमतरी। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना भखारा क्षेत्र में सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो मुख्य आरोपी शामिल हैं, जिन्होंने मकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया था, जबकि तीसरा आरोपी रायपुर का सराफा कारोबारी है, जिसने चोरी के सोने को गलाकर उसका बिस्किट तैयार किया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात, 10 ग्राम वजनी सोने का बिस्किट तथा वारदात में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार ग्राम कोसमर्रा निवासी कृष्ण कुमार कोसरे ने थाना भखारा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 13 मई 2026 को वह परिवार सहित पारिवारिक कार्यक्रम में ग्राम अभनपुर गए हुए थे। 17 मई को वापस लौटने पर उनके मकान का मुख्य दरवाजा और आलमारी का ताला टूटा मिला तथा घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी रकम गायब थी। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार 700 रुपये बताई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में थाना भखारा पुलिस और साइबर टीम ने जांच शुरू की तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

जांच के दौरान संदेह के आधार पर घनश्याम यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने साथी हेमंत उर्फ सोनू मानिकपुरी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने सुनसान मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आलमारी का लॉक तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात व नगदी चोरी की थी। पूछताछ में सामने आया कि चोरी के बाद दोनों आरोपियों ने जेवरात का बंटवारा कर लिया, जबकि नगदी खर्च कर दी गई। आरोपी घनश्याम यादव की निशानदेही पर चोरी गए आभूषण और घटना में प्रयुक्त कुदाली बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने रायपुर पहुंचकर हेमंत उर्फ सोनू मानिकपुरी को गिरफ्तार किया, जिसने अपने हिस्से के चोरी के जेवरात बरामद कराए।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि चोरी किए गए सोने के गुलबंद हार को बेचने के उद्देश्य से आरोपी ने रायपुर निवासी सराफा कारोबारी ओमप्रकाश सोनी को दिया था। पूछताछ में कारोबारी ने गुलबंद को गलाकर 10 ग्राम वजनी सोने का बिस्किट तैयार करना स्वीकार किया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी, नकबजनी और संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अपराध और सुरक्षा से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग की आधिकारिक जानकारी उपयोगी हो सकती है।

Annu Dewangan
Author: Annu Dewangan