रायपुर। बीरगांव बम मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी विनय कुमार देवांगन को खमतराई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने दावा किया है कि वह पारिवारिक तनाव और मानसिक अवसाद से गुजर रहा था तथा उसने स्वयं को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से विस्फोटक सामग्री तैयार की थी। हालांकि इससे पहले बीरगांव महापौर नंदलाल देवांगन ने सार्वजनिक रूप से आरोप लगाया था कि विनय ने उन्हें बम से उड़ाने की धमकी दी थी। ऐसे में पुलिस की नई थ्योरी और पहले लगाए गए आरोपों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक विभाग लगातार जांच में जुटे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार पिछले सप्ताह वार्ड क्रमांक 13 स्थित मितानिन पुष्पा साहू के घर से बम और विस्फोटक सामग्री बरामद होने के बाद आरोपी विनय देवांगन फरार हो गया था। उसकी पत्नी ने भी पुलिस को बताया था कि वह कई दिनों से घर से बाहर है और परिवार के लोग भी उसकी तलाश कर रहे हैं। आरोपी का राजनीतिक और पारिवारिक संबंध भी चर्चा में बना हुआ है। विनय, बीरगांव महापौर नंदलाल देवांगन का साला, पार्षद एवज देवांगन का दामाद तथा भाजपा नेता ओमप्रकाश देवांगन का रिश्तेदार बताया जा रहा है। इसी कारण मामला राजनीतिक रूप से भी संवेदनशील बन गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार एफएसएल रिपोर्ट में बरामद सामग्री को कम क्षमता वाला विस्फोटक पाया गया था, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई गई थी।
खमतराई थाना प्रभारी और जांच अधिकारियों ने बताया कि 7 मई के बाद से आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था और गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था। तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रिंग रोड नंबर-2 भनपुरी क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि पारिवारिक क्लेश और मानसिक तनाव के चलते उसने विस्फोटक सामग्री तैयार की थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बैटरी, फटाका ज्वॉइंटर, कनेक्टर युक्त वायर और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल CG 04 MK 2712 जब्त की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनय कुमार देवांगन पिता राधेश्याम देवांगन उम्र 49 वर्ष निवासी ग्राम मलौद देवांगन पारा पोस्ट सिलयारी थाना धरसींवा जिला रायपुर तथा वर्तमान पता वार्ड नंबर 31 त्रिमूर्ति नगर बीरगांव के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर भेज दिया है। मामले से जुड़ी विस्तृत कानूनी और सुरक्षा संबंधी जानकारी के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट https://cgpolice.gov.in पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।







