छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल ने मार्च-अप्रैल सत्र 2026 की हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी मुख्य परीक्षा के परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिए। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने मंत्रालय महानदी भवन से परीक्षा परिणाम जारी किए। इस दौरान स्कूल शिक्षा विभाग और राज्य ओपन स्कूल के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। लंबे समय से परिणाम का इंतजार कर रहे हजारों विद्यार्थियों ने रिजल्ट जारी होते ही आधिकारिक पोर्टल पर अपना स्कोरकार्ड देखना शुरू कर दिया। इस वर्ष भी परीक्षा परिणामों में छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए लड़कों को पीछे छोड़ दिया है।
जारी आंकड़ों के अनुसार, हायर सेकेंडरी यानी 12वीं कक्षा का कुल परीक्षा परिणाम 71 प्रतिशत दर्ज किया गया है, जबकि हाईस्कूल यानी 10वीं कक्षा में 58.39 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए हैं। 12वीं में छात्राओं का पास प्रतिशत 72.17 रहा, जबकि लड़कों का परिणाम 70.01 प्रतिशत दर्ज किया गया। इसी तरह 10वीं कक्षा में 59.82 प्रतिशत छात्राएं सफल रहीं, जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 57.43 प्रतिशत रहा। परिणामों से एक बार फिर यह साफ हुआ है कि ओपन स्कूल प्रणाली में भी छात्राएं लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं।
बोर्ड की ओर से स्पष्ट किया गया है कि किसी भी परीक्षार्थी को उत्तीर्ण घोषित होने के लिए प्रत्येक विषय में न्यूनतम 33 प्रतिशत अंक हासिल करना अनिवार्य है। जिन विद्यार्थियों के एक या दो विषयों में अंक कम आए हैं, उनके लिए भी राहत की व्यवस्था रखी गई है। ऐसे छात्र पूरक परीक्षा में शामिल होकर संबंधित विषयों में दोबारा परीक्षा दे सकेंगे। विभाग का कहना है कि पूरक परीक्षा की तिथियों की घोषणा जल्द अलग से की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो।
स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही परिणाम देखें और किसी भी भ्रामक सूचना से बचें। परिणाम जारी होने के बाद प्रदेशभर में विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला। कई विद्यार्थियों ने इसे आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण पड़ाव बताया है। राज्य ओपन स्कूल से पढ़ाई करने वाले बड़ी संख्या में ऐसे विद्यार्थी भी शामिल हैं, जिन्होंने पारिवारिक, आर्थिक या अन्य कारणों से नियमित स्कूल शिक्षा बीच में छोड़ दी थी और अब उन्होंने परीक्षा में सफलता हासिल कर नई शुरुआत की है।

