धमतरी । जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए आम लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अबिनाश मिश्रा ने साफ कहा है कि जिले में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है तथा किसी प्रकार की कमी या शॉर्टेज नहीं है। प्रशासन के अनुसार कुछ स्थानों पर अफवाहों के कारण पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ देखी जा रही है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति को नियंत्रित रखने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार कार्यपालिक दंडाधिकारी और फूड इंस्पेकरों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने बताया कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भ्रामक जानकारी फैलाए जाने के कारण लोग जरूरत से अधिक ईंधन और गैस खरीदने पहुंच रहे हैं। इससे कई पेट्रोल पंपों पर भीड़ की स्थिति बन रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में ईंधन आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और तेल कंपनियों की ओर से नियमित रूप से सप्लाई की जा रही है। इसी तरह घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता भी पर्याप्त मात्रा में बनी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि घबराहट में अनावश्यक खरीदारी करने से व्यवस्था प्रभावित हो सकती है, इसलिए नागरिक केवल आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का क्रय करें।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी सूचना की पुष्टि प्रशासन के अधिकृत माध्यमों से ही करें। प्रशासन ने यह भी कहा है कि यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर भ्रामक जानकारी फैलाता है या अफवाहों के जरिए लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा करता है, तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दी जाए। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जिले में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि सभी लोगों को समान रूप से सुविधा मिल सके, इसके लिए व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है। साथ ही यह भी कहा गया है कि अफवाहों के कारण भीड़ बढ़ने से आम लोगों को अनावश्यक परेशानी हो सकती है। पेट्रोलियम उत्पादों और उपभोक्ता सेवाओं से जुड़ी आधिकारिक जानकारी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की वेबसाइट पर भी देखी जा सकती है। जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, अफवाहों से बचने और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

