धमतरी। धमतरी जिले के गंगरेल बांध की मनमोहक वादियों में रविवार सुबह राष्ट्रीय स्तर की साइकिलिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ समेत महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और हरियाणा जैसे राज्यों से पहुंचे प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का दमखम दिखाया। अलग-अलग आयु वर्ग और श्रेणियों में आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। सुबह करीब साढ़े छह बजे शुरू हुई यह प्रतियोगिता गंगरेल बांध से कोटाभर्री मुड़पार, बरारी और रुद्री मार्ग से होते हुए पुनः गंगरेल में समाप्त हुई। करीब 12 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर प्रतिभागियों ने गति, संतुलन और सहनशक्ति का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में बालक-बालिकाओं, युवाओं और महिलाओं के लिए अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई थीं। 5 वर्ष से लेकर 16 वर्ष से अधिक आयु वर्ग तक के प्रतिभागियों के लिए 2 किलोमीटर से 12 किलोमीटर तक की दूरी तय की गई थी। पुरुष गियर साइकिल वर्ग में महाराष्ट्र के सिद्धेश पाटील ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि रेहान शेख दूसरे स्थान पर रहे। हरियाणा के आयुष और गोपाल ने क्रमशः तीसरा और चौथा स्थान प्राप्त किया। वहीं नॉन-गियर वर्ग में राजनांदगांव के नंदकिशोर ने पहला स्थान हासिल किया। रायपुर के साजन कुर्रे दूसरे और बालोद के राजेश सिंह तीसरे स्थान पर रहे। महिलाओं की गियर साइकिल श्रेणी में महाराष्ट्र की जीनत ने बाजी मारी, जबकि हरियाणा की हरविंदर दूसरे स्थान पर रहीं। नॉन-गियर वर्ग में रायपुर की गोमती साहू प्रथम, बालोद की किरण साहू द्वितीय और धमतरी की नम्रता नेताम तीसरे स्थान पर रहीं।
बच्चों की श्रेणी में वेद प्रकाश, डिगेश नेताम, वासु साहू, हेमंत साहू, तनिष्का खंडेलवाल, वनिका कावडे, सोनम नेताम, गणिका तारक, खिलेंद्र सिन्हा, युवराज, लक्ष्य, रोहन विश्वकर्मा और काव्यांश विजेता बने। प्रतियोगिता के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पूर्व विधायक इंदर चोपड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रतियोगिता के आयोजक जय माँ कामाख्या जन कल्याण सेवा समिति धमतरी से जुड़े खुबलाल ध्रुव ने बताया कि गंगरेल बांध की प्राकृतिक वादियों के बीच आयोजित यह आयोजन जिले के खेल इतिहास में एक यादगार पहल साबित हो सकता है। उनका कहना है कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ साइकिलिंग संस्कृति को प्रोत्साहन मिलेगा। राष्ट्रीय स्तर की साइकिलिंग गतिविधियों और खेल आयोजनों से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए भारतीय साइक्लिंग महासंघ की वेबसाइट https://cyclingfederationofindia.in देखी जा सकती है।







