मोदी सरकार के 12 साल पूरे, कुरुद-मगरलोड-भखारा में भाजपा का जश्न

छत्तीसगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कुरुद, मगरलोड और भखारा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने विविध कार्यक्रमों के माध्यम से उत्सव मनाया। इस दौरान स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, मंदिरों में पूजा-अर्चना और जनसहभागिता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु जीवन तथा देश की निरंतर प्रगति की कामना की गई। स्थानीय निकायों और पार्टी पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रमों को व्यापक स्वरूप दिया।

नगर पालिका कुरुद में सुबह से ही स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई। नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चन्द्राकर ने स्वयं झाड़ू उठाकर केनाल रोड क्षेत्र में सफाई अभियान में हिस्सा लिया, वहीं विधायक प्रतिनिधि भानु चन्द्राकर ने स्टॉप डेम परिसर की सफाई में कर्मचारियों के साथ श्रमदान किया। सामूहिक स्वच्छता अभियान के तहत भारत माता चौक, केनाल रोड और स्वामी विवेकानंद मंगल भवन परिसर में सफाई की गई। इसके साथ ही स्वच्छता कर्मियों को स्वच्छता किट वितरित की गई और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण भी किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चन्द्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में प्रेरणास्रोत हैं तथा उनके प्रयासों से प्रेरित होकर नगर को स्वच्छ और हरित बनाने का अभियान लगातार जारी है।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष कृष्णकांत साहू, पार्षद मिथिलेश बैस, महेंद्र गायकवाड़, राजकुमारी ध्रुव, मनीष साहू, रवि मानिकपुरी, कविता चन्द्राकर, अनुराधा साहू, विनोद चन्द्राकर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और नगर पालिका कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं नगर पंचायत भखारा में अध्यक्ष ज्योति जैन और विधायक प्रतिनिधि हरख जैन के नेतृत्व में शिव मंदिर एवं थाना परिसर में सफाई अभियान चलाया गया। यहां पौधरोपण सहित विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्र के विकास के लिए प्रार्थना की गई।

इसी क्रम में भाजपा मेघा मंडल के कार्यकर्ता राजिम पहुंचे, जहां कुलेश्वर महादेव मंदिर और लोमश ऋषि आश्रम में विधिवत पूजा-अर्चना की गई। जनपद अध्यक्ष वीरेंद्र साहू, मंडल प्रभारी होरीलाल साहू, मंडल अध्यक्ष कल्याण राजपूत और वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में राष्ट्र की उन्नति और प्रधानमंत्री के स्वस्थ जीवन की कामना की गई। प्रधानमंत्री मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों और अभियानों से जुड़ी अधिक जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर देखी जा सकती है: प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO India)

Annu Dewangan
Author: Annu Dewangan