रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी क्षेत्र में जलभराव, खुली नालियों और असुरक्षित विद्युत ट्रांसफार्मर की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं छाया पार्षद डॉ. विजय देवांगन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक-1 के जोन आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर वार्ड क्रमांक 15 (नेता जी कन्हैयालाल बाजारी वार्ड) और वार्ड क्रमांक 17 के अंतर्गत गुड मॉर्निंग किराना स्टोर के समीप व्याप्त जनसमस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि बरसात के दौरान क्षेत्र में लगातार जलभराव की स्थिति बनने से आम नागरिकों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और यह स्थिति अब जनसुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बन चुकी है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सड़क के दोनों ओर बनी गहरी एवं खुली नालियां बारिश का पानी भर जाने के कारण पूरी तरह दिखाई नहीं देतीं। इससे राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार लोग पानी से ढकी नालियों में गिरकर घायल हो चुके हैं। पार्टी नेताओं ने कहा कि यदि समय रहते इन नालियों को मजबूत स्लैब या ढक्कनों से नहीं ढका गया तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने नगर निगम से जल निकासी व्यवस्था को स्थायी रूप से दुरुस्त करने और सड़क पर पानी जमा होने की समस्या का तकनीकी समाधान करने की मांग की है।
ज्ञापन में सबसे गंभीर मुद्दा जलभराव वाले स्थान पर स्थापित विद्युत ट्रांसफार्मर को बताया गया है। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि बारिश के दौरान ट्रांसफार्मर के आसपास पानी भर जाने से करंट फैलने की आशंका बनी रहती है, जिससे कभी भी जनहानि की घटना हो सकती है। इस संबंध में प्रशासन और विद्युत विभाग से ट्रांसफार्मर के चारों ओर मजबूत सुरक्षा घेराबंदी (फेंसिंग) करने, आवश्यक विद्युत सुरक्षा उपाय लागू करने तथा विशेषज्ञ अधिकारियों द्वारा तत्काल स्थल निरीक्षण कर स्थिति का आकलन करने की मांग की गई है। पार्टी का कहना है कि जनहित और नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर परिणाम पैदा कर सकती है।
डॉ. विजय देवांगन ने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता से जुड़े बुनियादी मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठा रही है और प्रशासन से अपेक्षा है कि वह शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं के निराकरण के लिए जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो पार्टी स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश सचिव (आरटीआई विंग) संजय गुप्ता, जिला महासचिव नरेन्द्र ठाकुर, वार्ड क्रमांक 15 के सचिव रामदयाल यादव, वार्ड क्रमांक 16 के अध्यक्ष धनेश्वर नेताम तथा वरिष्ठ कार्यकर्ता गोविंद दीप भी उपस्थित रहे। नगर निगम एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़ी अधिक जानकारी रायपुर नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट https:// निगमरायपुर.cg.gov.in/ पर प्राप्त की जा सकती है।https://nigamraipur.cg.gov.in/







