वन महोत्सव में विधायक ने थामा तिरंगा, 2800 पौधों से हरियाली का संकल्प

 

कुरुद। वन महोत्सव 2026 के अवसर पर ग्राम पंचायत इर्रा में तिरंगा यात्रा और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुरुद विधायक अजय चंद्राकर ने हाथों में तिरंगा लेकर सहभागिता की और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। इस दौरान नीम, बरगद, अर्जुन, जामुन, करंज, अमरूद, बेल और आंवला सहित कई प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर चलाया जा रहा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण को भावनात्मक जुड़ाव से जोड़ने वाला जनअभियान है। मां और पेड़ दोनों ही जीवन के आधार हैं। मां के नाम पर लगाया गया प्रत्येक पौधा धरती माता और जन्म देने वाली मां के प्रति प्रेम, कृतज्ञता और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का आयोजन नहीं होना चाहिए, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही जरूरी है। प्रत्येक पौधे को परिवार के सदस्य की तरह संरक्षित कर उसे वृक्ष के रूप में विकसित करने की जरूरत है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को बेहतर पर्यावरण मिल सके।

वनमंडलाधिकारी जाधव ने वन विभाग की ओर से पौधारोपण, उद्यान विकास और पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भखारा और बड़े करेली में ‘ऑपरेशन सिंदूर उद्यान’ का लोकार्पण किया जा चुका है, जबकि सेमरा और परखंदा में उद्यान निर्माण का काम प्रगति पर है। इस वर्ष कोडापार, बगदेही और चटोद में भी उद्यान निर्माण की स्वीकृति मिली है। इसके अलावा जीजामगांव को इको-टूरिज्म स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

जनपद अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू ने बताया कि क्षेत्र में सघन पौधारोपण के माध्यम से हरित क्षेत्र बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का प्रयास किया जा रहा है। इसके तहत नीम, बरगद, अर्जुन, जामुन, करंज, अमरूद, बेल और आंवला सहित विभिन्न प्रजातियों के करीब 2800 पौधे रोपे गए हैं। कार्यक्रम के दौरान विधायक अजय चंद्राकर ने जनप्रतिनिधियों और समर्थकों के साथ तिरंगा यात्रा में पैदल सहभागिता की। इस अवसर पर भखारा नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति जैन, जनपद उपाध्यक्ष सतीश जैन, जिला पंचायत सदस्य पूजा सिन्हा, एवन साहू, अजय ध्रुव, आनंद यदु, रवि सिन्हा, चंद्रिका साहू, सूर्यकांत भीमदेव, नंदकुमार, चोवाराम, भाऊसिंग साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण उपस्थित रहे। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की आधिकारिक जानकारी भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।  https://www.pmindia.gov.in/hi/news_updates

Annu Dewangan
Author: Annu Dewangan