
धमतरी। शहर के रुद्री स्थित पुलिस लाइन में मंगलवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन के पीछे विभिन्न अपराधों में जब्त किए गए वाहनों को रखा गया था। दोपहर के वक्त इन गाड़ियों में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि एक फायर ब्रिगेड की गाड़ी से काबू नहीं पाया जा सका, जिससे दूसरी दमकल गाड़ी को भी मौके पर बुलाना पड़ा।
इस घटना में करीब 30 से ज्यादा वाहन, जिनमें कार और मोटरसाइकिल शामिल थीं, जलकर खाक हो गए। आगजनी की भयावहता को देखते हुए गनीमत मानी जा रही है कि आग पास में स्थित ट्रांसफार्मर तक नहीं पहुंची, वरना स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
घटना की जानकारी मिलते ही धमतरी के नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह और एएसपी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है और मामले की जांच जारी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पुलिस लाइन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है।







