बल्दाकछार में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने युवाओं को पहनाया हेलमेट, बरगद के नीचे दी सड़क सुरक्षा की बड़ी सीख!

रायपुर । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इन दिनों “सुशासन तिहार” के तहत योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए गांव-गांव का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में वे बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के बल्दाकछार गांव पहुँचे, जहां उन्होंने बरगद के नीचे चौपाल लगाकर लोगों से सीधा संवाद किया।

मुख्यमंत्री श्री साय का यह दौरा खास बन गया जब उन्होंने गाँव के दो युवाओं — 24 वर्षीय धनंजय पटेल और 28 वर्षीय हेमलता चंद्राकर — को अपने हाथों से हेलमेट पहनाया। इस भावुक पल को देखकर वहां मौजूद सभी लोग चौंक गए और तालियों की गूंज सुनाई देने लगी।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए कहा, “हर व्यक्ति की जान अनमोल होती है। हेलमेट पहनना केवल कानून का पालन नहीं, बल्कि खुद की सुरक्षा भी है। सड़क हादसों में सिर की चोटें जानलेवा साबित हो सकती हैं, जिन्हें एक साधारण हेलमेट बचा सकता है।”

उन्होंने शिविर में उपस्थित सभी ग्रामीणों से अपील की कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

इस पहल को गांववालों ने सराहा और इसे एक प्रेरणादायक संदेश के रूप में लिया। बल्दाकछार जैसे दूरस्थ गांव में मुख्यमंत्री की यह सादगी और जागरूकता का संदेश निश्चित ही राज्यभर में सकारात्मक प्रभाव डालेगा।

Bharti Sahu
Author: Bharti Sahu

यह भी देखें...