छत्तीसगढ़ के लाल विजय ने 12.53 मिनट तक सूरज को निहारा, मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान

छत्तीसगढ़। सरगुजा संभाग के अंबिकापुर निवासी लाल विजय श्रीवास्तव ने अपनी अनोखी क्षमता और एकाग्रता के दम पर ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने लोगों के साथ-साथ रिकॉर्ड दर्ज करने वाली संस्थाओं का भी ध्यान अपनी ओर खींचा है। मनेंद्रगढ़ मार्ग स्थित राइस मिल रोड निवासी लाल विजय ने खुली आंखों से लगातार 12 मिनट 53 सेकंड तक सूर्य को बिना पलक झपकाए देखने का दावा किया है। इस प्रदर्शन के बाद उनका नाम ‘वर्ल्ड रिकॉर्ड्स इंडिया’ में दर्ज किया गया है और आगामी 6 जून को गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित समारोह में उन्हें ‘10वें जीनियस इंडियन अचीवर्स अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम की जानकारी संस्था की आधिकारिक वेबसाइट World Records India पर भी उपलब्ध है।

लाल विजय श्रीवास्तव इससे पहले भी दिसंबर 2025 में 12 मिनट 52 सेकंड तक सूर्य को देखने का रिकॉर्ड बना चुके हैं। मार्च 2026 में 33 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच उन्होंने अपना ही पुराना रिकॉर्ड एक सेकंड से तोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया। बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में इस तरह का प्रदर्शन करने वाले वे पहले व्यक्ति हैं। उनकी इस उपलब्धि को लेकर स्थानीय स्तर पर भी चर्चा तेज है। लाल विजय का कहना है कि उन्होंने लंबे समय तक साधना और नियमित अभ्यास के जरिए आंखों की सहनशीलता और एकाग्रता विकसित की है। हालांकि विशेषज्ञों के अनुसार सीधे सूर्य की ओर लंबे समय तक देखना सामान्य लोगों के लिए आंखों को नुकसान पहुंचा सकता है, इसलिए बिना चिकित्सकीय सलाह और सुरक्षा के ऐसा प्रयास नहीं किया जाना चाहिए।

दिसंबर 2025 में किए गए उनके पहले प्रयास को ‘इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड’ में भी शामिल किया गया था। अब ‘वर्ल्ड रिकॉर्ड्स इंडिया’ द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें देशभर से चयनित प्रतिभाओं के बीच मंच पर लाइव प्रदर्शन का अवसर भी मिलेगा। लाल विजय ने बताया कि उनका अगला लक्ष्य अमेरिका और लंदन की अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड संस्थाओं में अपना नाम दर्ज कराना है। उनका कहना है कि वे अपने इस प्रयास के जरिए अंबिकापुर, सरगुजा और पूरे छत्तीसगढ़ का नाम वैश्विक मंच पर पहचान दिलाना चाहते हैं।

हालांकि अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने की राह उनके लिए आसान नहीं है। विदेशों में रिकॉर्ड पंजीकरण और यात्रा से जुड़ी लागत को लेकर वे आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। इसी वजह से उन्होंने रायपुर और बिलासपुर के उद्योगपतियों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की है। लाल विजय का कहना है कि यदि उन्हें आर्थिक सहायता मिलती है तो वे आने वाले समय में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए वैश्विक मंचों पर नए रिकॉर्ड स्थापित करने का प्रयास जारी रखेंगे।

Annu Dewangan
Author: Annu Dewangan