मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में विधायक समेत 24 जोड़े लेंगे सात फेरे

छत्तीसगढ़। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह समारोह में इस बार एक अनूठी मिसाल देखने को मिलेगी। आमतौर पर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए संचालित इस योजना में बेमेतरा के युवा भाजपा विधायक दीपेश साहू अपनी मंगेतर तरुणा साहू के साथ सात फेरे लेने जा रहे हैं। विधायक द्वारा सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होकर सादगीपूर्ण विवाह का निर्णय लेने की चर्चा पूरे जिले सहित प्रदेशभर में हो रही है। सामाजिक स्तर पर इसे एक सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जहां जनप्रतिनिधि निजी जीवन में भी सादगी और सामाजिक भागीदारी को महत्व दे रहे हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार आगामी 31 मई को मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विधायक दीपेश साहू और तरुणा साहू सहित कुल 24 जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे। इनमें क्षेत्र के 23 जरूरतमंद परिवारों के जोड़े भी शामिल हैं, जिन्हें शासन की योजना के तहत वैवाहिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासनिक स्तर पर कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी गई हैं और आयोजन को सुव्यवस्थित एवं गरिमामय बनाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह के खर्च का बोझ कम करने के साथ सामाजिक सुरक्षा और सम्मान प्रदान करना है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि विधायक का इस योजना के माध्यम से विवाह करना समाज में सादगीपूर्ण विवाह को बढ़ावा देने वाला कदम माना जा सकता है। इससे अनावश्यक खर्च और दिखावे से दूर रहकर सरल विवाह की सोच को बल मिलने की संभावना है। प्रशासन का मानना है कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से प्रदेश में हजारों जरूरतमंद परिवारों को राहत मिली है और सामूहिक विवाह के माध्यम से सामाजिक समरसता को भी मजबूती मिली है। योजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए छत्तीसगढ़ शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग की आधिकारिक वेबसाइट देखी जा सकती है: महिला एवं बाल विकास विभाग, छत्तीसगढ़

Annu Dewangan
Author: Annu Dewangan