
कुरूद। जनपद पंचायत कुरूद अंतर्गत ग्राम पंचायत सिंधौरीकला में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम के तहत 17.99 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नवीन तालाब निर्माण कार्य का भूमिपूजन जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर द्वारा पूजा-अर्चना कर किया गया। इस पहल से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है।
ग्राम सिंधौरीकला में लंबे समय से निस्तारी और जल संकट की समस्या बनी हुई थी, जिसके समाधान के लिए नए तालाब निर्माण का निर्णय लिया गया। भूमिपूजन के अवसर पर नीलम चंद्राकर ने कहा कि इस तालाब के बनने से गर्मियों में पानी की कमी काफी हद तक दूर होगी। साथ ही मवेशियों और सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि यह कार्य ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने में भी सहायक होगा, जिससे गांव के श्रमिकों को बाहर पलायन नहीं करना पड़ेगा। तालाब निर्माण के बाद मत्स्य पालन और सब्जी उत्पादन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे ग्रामीणों की आय में वृद्धि होगी।
कार्यक्रम में सरपंच दुलार साहू, भीखम यादव, श्रीकांत मिश्रा, रामेश्वर साहू, भगत साहू, शेखन, छबि साहू, दीनुदास, नर्मदा बाई, लिकेश्वरी, रमेश्वरी, विनोद साहू, धनेंद्र, केवल, जितेंद्र, हेमनाथ, परमेश्वर साहू, भूपेंद्र धुर्व, गुलाबचंद, सरस्वती साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।







